भागलपुर | रिपोर्ट —
भागलपुर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में दीवारों पर टाइल्स में लगी देवी-देवताओं की तस्वीरों को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता कार्यालय परिसर पहुंचे और कड़ी आपत्ति जताई।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इस घटना को धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की घटना से आम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
पूरे मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डीईओ कार्यालय परिसर में नव-स्थापित जिला स्कूल भी संचालित होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नव-स्थापित जिला स्कूल के प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया गया है कि कार्यालय में लगी सभी मूर्तियों और तस्वीरों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर सम्मानपूर्वक स्थापित कराया जाए।जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि किसी की भी धार्मिक भावना आहत न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत है और प्रशासन पूरे मामले पर सतत निगरानी बनाए हुए है।